
बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) बलरामपुर जिले में जिला कांग्रेस कमेटी ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। जिला मुख्यालय स्थित राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष हरिहर यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा महिला आरक्षण की आड़ में ‘परिसीमन का गुप्त एजेंडा’ लागू करना चाहती थी। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा का असली मकसद महिलाओं को आरक्षण देना नहीं, बल्कि सीटों के गणित को बदलना है।

राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर देशभर में भ्रम फैला रही है। नेताओं का कहना है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 पहले ही कानून बन चुका है, लेकिन इसके बावजूद भाजपा ने 131वां संविधान संशोधन विधेयक पेश कर एक नया राजनीतिक दांव चलने की कोशिश की।

कांग्रेस नेताओं के मुताबिक भाजपा इस विधेयक के जरिए लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर लगभग 850 करना चाहती थी, जिसमें राज्यों की 815 और केंद्र शासित प्रदेशों की 35 सीटें शामिल थीं। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि जब 2026-27 की जनगणना की प्रक्रिया शुरू होने वाली है, तो फिर 2011 की जनगणना को आधार बनाकर परिसीमन कराने की कोशिश क्यों की जा रही है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक आरक्षण देने की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने वर्ष 1989 में पंचायतों में आरक्षण की नींव रखकर की थी। बाद में पी. वी. नरसिम्हा राव की सरकार में इसे कानून का रूप दिया गया और डॉ. मनमोहन सिंह की सरकार में महिला आरक्षण विधेयक राज्यसभा से पारित हुआ। कांग्रेस का कहना है कि यदि भाजपा की नीयत साफ होती तो मौजूदा सीटों पर ही 33 प्रतिशत महिला आरक्षण तुरंत लागू किया जा सकता था।
इस दौरान प्रेस वार्ता में जिला उपाध्यक्ष रिपुजित सिंह देव, जिला उपाध्यक्ष प्रशांत विश्वास (छोटू बंगाली), जिला महामंत्री मुन्ना गुप्ता, ब्लॉक अध्यक्ष समीर सिंह देव, संजीत राजा चौबे, विवेक सिंह, कृपा शंकर, प्रेमसागर सिंह, वसीम खान, मुमताज खान, अशरफ अंसारी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
