जीवन दीप समिति की बैठक सम्पन्न, जिला अस्पताल में सुविधाओं के विस्तार पर हुई चर्चा

बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी)/कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा की अध्यक्षता में जीवन दीप समिति जिला अस्पताल कार्यकारिणी समिति की बैठक आज जिला अस्पताल के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में विगत बैठक के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने हेतु विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

इस दौरान आम नागरिकों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। साथ ही जीवन दीप समिति की वार्षिक आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया तथा जिला चिकित्सालय की आवश्यकताओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया।

कलेक्टर श्री कटारा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन बेहतर ढंग से करना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारी-कर्मचारी को समय पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने को कहा। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने की बात कही।

बैठक में जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने हेतु पार्किंग, सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, रिक्त पदों की भर्ती, मरम्मत कार्य तथा विभिन्न मदों में व्यय के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही अस्पताल की अन्य आवश्यकताओं से जुड़े विभिन्न एजेंडों पर विचार कर अनुमोदन किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंह, सिविल सर्जन डॉ. शशांक गुप्ता सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *