उद्यानिकी महाविद्यालयों की स्थापना को लेकर कृषि मंत्री रामविचार नेताम की महत्वपूर्ण बैठक

वाड्रफनगर विश्राम गृह में आयोजित बैठक में अधिकारियों को भूमि चिन्हांकन प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश

बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) वाड्रफनगर स्थित विश्राम गृह में उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र विजयनगर-रामानुजगंज तथा पोस्ट हार्वेस्ट मैनेजमेंट एंड प्रोसेसिंग टेक्नोलॉजी महाविद्यालय पचावल-सनावल की स्थापना हेतु भूमि आवंटन संबंधी समस्याओं के निराकरण को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, महाविद्यालय के अधिष्ठाता, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार एवं सहायक पशु शल्यज्ञ उपस्थित रहे।

बैठक में विजयनगर-रामानुजगंज में प्रस्तावित उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र की अनुमानित 14 करोड़ रुपये की लागत तथा पचावल-सनावल में प्रस्तावित पोस्ट हार्वेस्ट मैनेजमेंट एंड प्रोसेसिंग टेक्नोलॉजी महाविद्यालय की लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से स्थापना को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

इस दौरान महाविद्यालयों की स्थापना के लिए उपयुक्त भूमि चयन, उपलब्ध संसाधनों तथा आवश्यक बुनियादी ढांचे के विकास पर अधिकारियों ने विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया। कृषि मंत्री ने भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र में उद्यानिकी शिक्षा एवं अनुसंधान को बढ़ावा मिल सके।

बैठक में यह भी बताया गया कि इन संस्थानों की स्थापना से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त होगी तथा क्षेत्र में कृषि आधारित रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *