
बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) नगर में घुमंतु और असहाय पशुओं की सुरक्षा एवं देखभाल के लिए आज से रेस्क्यू वाहन की सुविधा प्रारंभ की गई। इस वाहन का संचालन रक्षा वेलफेयर फाउंडेशन, छत्तीसगढ़ द्वारा किया जाएगा।
रेस्क्यू वाहन का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल एवं नगर पालिका अध्यक्ष लोधी राम एक्का ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर संस्था से जुड़े पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि सड़क पर घायल, बीमार अथवा लावारिस पशुओं को यह वाहन तुरंत उपचार एवं सुरक्षित स्थान तक पहुँचाएगा।
रक्षा गौ सेवा आश्रम के संचालकों ने कहा कि “गौ सेवा ही धर्म सेवा है, और गौ रक्षा ही जीवन रक्षा है।” इस रेस्क्यू वाहन के माध्यम से असहाय पशुओं की सेवा को और सशक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा।
इस मौके पर नगरवासियों ने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे न केवल पशुओं की रक्षा होगी बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
इस मौके पर अपर कलेक्टर आर. एस. लाल, पशुधन विकास विभाग के उप संचालक डॉ. शिशिरकांत पांडेय, जनपद सीईओ दीपराज कांत सहित अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में संस्था से जुड़े पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।



