
बलरामपुर/कुसमी/(शोएब सिद्दिकी) छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के कुसमी विकासखंड में अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आया है। सूचना के आधार पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में जांच शुरू की, जिससे आसपास के इलाके में हलचल मच गई।

जानकारी के अनुसार कुसमी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत त्रिपुरी के घोसरा गांव के चुहिदह नामक स्थान पर लगभग 5 से 6 एकड़ भूमि में अवैध तरीके से अफीम की खेती किए जाने की बात सामने आई है। सूचना मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर खेतों का निरीक्षण कर रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार जिस जमीन पर अफीम की खेती किए जाने की बात कही जा रही है, उसके मालिक रुकदेव भगत और कवसल भगत बताए जा रहे हैं। यह भी बताया जा रहा है कि उक्त जमीन किसी बाहरी व्यक्ति को उपयोग के लिए दी गई थी।
हालांकि इस पूरे मामले को लेकर प्रशासन या पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अधिकारियों द्वारा जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग प्रशासन की आगे की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
