
बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) रविदास समाज एवं सर्व अनुसूचित जाति समाज, पुराना बाजार बलरामपुर के तत्वावधान में आज डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान समाज के लोगों ने पुराना बाजार से रैली निकालकर अंबेडकर भवन तक मार्च किया। रैली के दौरान “जय भीम” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए।

रैली के अंबेडकर भवन पहुंचने के बाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां उपस्थित लोगों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में समाज के लोग एकत्रित हुए और बाबा साहेब के विचारों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर समाज के लोगों ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को संविधान देकर सभी वर्गों को समान अधिकार दिलाने का काम किया। उन्होंने समाज के लोगों से बाबा साहेब के विचारों को अपनाने और शिक्षा के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठजन, युवा एवं बड़ी संख्या में महिलाएं भी उपस्थित रहीं और सभी ने मिलकर अंबेडकर जयंती को बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया।

