परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई: एनएच-343 पर यात्री बसों की विशेष चेकिंग, नियम तोड़ने वालों पर चालान

संयुक्त टीम की सख्त निगरानी, बसों की जांच कर चालकों को दिए यातायात नियमों के पालन के निर्देश

बलरामपुर//(शोएब सिद्दिकी)//जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय राजमार्ग-343 (अंबिकापुर–रामानुजगंज मार्ग) पर परिवहन विभाग और यातायात पुलिस द्वारा सराहनीय संयुक्त कार्रवाई करते हुए यात्री बसों की विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर (भा.पू.से.) के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देश पर की गई। संयुक्त टीम की सक्रियता और मुस्तैदी के चलते सड़क पर चलने वाले यात्री वाहनों की गहन जांच की गई।

चेकिंग के दौरान कुल 23 यात्री बसों की जांच की गई, जिसमें 12 बसों में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चालानी कार्रवाई की गई। इनमें से एक बस द्वारा परमिट शर्तों का उल्लंघन करने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66/192 के तहत 5000 रुपये का चालान किया गया। वहीं अन्य 11 बसों में यातायात नियमों का पालन नहीं करने पर विभिन्न धाराओं के तहत 4600 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। इस प्रकार कुल 9600 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

कार्रवाई के दौरान परिवहन अधिकारी यशवंत यादव और यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन ने बस चालकों और परिचालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए वाहन से संबंधित सभी वैध दस्तावेज रखने, निर्धारित वर्दी धारण करने, चालक-परिचालक का लाइसेंस साथ रखने, शराब सेवन कर वाहन न चलाने तथा सीट बेल्ट का उपयोग करने की समझाइश भी दी।

कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, बसों द्वारा निर्धारित किराया ही लेना, बसों की समय-सारणी का पालन कराना तथा यात्रियों को होने वाली असुविधाओं को दूर करना है। साथ ही सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना भी इस अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *