
सरिया बाहर, फिनिशिंग खराब—PWD की निगरानी पर सवाल
बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) बलरामपुर जिले में करोड़ों रुपए की लागत से बन रही सामरी कंठी घाट सड़क का निर्माण कार्य अभी जारी है, लेकिन इसी बीच गार्ड वाल की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन से सड़क को सुरक्षित रखने के लिए बनाए जा रहे इन गार्ड वाल का निर्माण लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा कराया जा रहा है।

मौके पर दिखाई दे रही स्थिति और स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस तरह से निर्माण कार्य किया जा रहा है, उसे देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि यह गार्ड वाल पहली ही बारिश में कमजोर पड़ सकती है। लोगों का कहना है कि यदि अभी से गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया गया, तो शासन के करोड़ों रुपए बर्बाद हो सकते हैं।

निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर गार्ड वाल में 8 से 10 एमएम सरिया के उपयोग की बात सामने आई है, वहीं ढलाई के बाद भी सरिया बाहर दिखाई दे रही है और फिनिशिंग भी संतोषजनक नहीं है। इसके साथ ही कंक्रीट की मजबूती के लिए आवश्यक पानी का छिड़काव भी पर्याप्त रूप से नहीं किए जाने की शिकायत सामने आई है।

जवाबदेही पर सवाल:
चूंकि यह पूरा कार्य अभी निर्माणाधीन है, ऐसे में गुणवत्ता सुनिश्चित करना और भी अधिक जरूरी हो जाता है। सवाल यह उठ रहा है कि क्या निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार किया जा रहा है या नहीं।
साइट की निगरानी और गुणवत्ता जांच की जिम्मेदारी संबंधित इंजीनियरों पर होती है। ऐसे में संबंधित सब इंजीनियर और एसडीओ की निगरानी प्रक्रिया पर भी प्रश्न उठ रहे हैं कि क्या उनके स्तर पर सही तरीके से जांच की जा रही है या नहीं—यह अब जांच का विषय बन गया है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए और यदि कहीं भी लापरवाही पाई जाती है तो समय रहते सुधार किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
“कहानी यहीं खत्म नहीं होती… एक और बड़ा खुलासा अगली रिपोर्ट में”
