
बताया जा रहा है कि दूल्हा स्वयं गाड़ी में बैठा हुआ था, और उसी दौरान सायरन बजाकर ग्रामीणों में भय पैदा किया जा रहा था।
बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) बलरामपुर जिले के चलगली थाना क्षेत्र से कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादी समारोह में गाड़ियों पर सायरन बजाकर धौंस जमाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि बारात में शामिल कुछ लोगों ने खुलेआम सायरन का दुरुपयोग किया, जिससे ग्रामीणों में डर और असहजता का माहौल बन गया। हैरानी की बात यह रही कि घटना के काफी देर तक स्थानीय पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।

ग्रामीणों की शिकायत के बाद जब पुलिस हरकत में आई, तो थाना प्रभारी मौके पर जरूर पहुंचे, लेकिन सख्त कार्रवाई करने के बजाय उनका रवैया नरम नजर आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस का व्यवहार ऐसा था जिससे कार्रवाई की गंभीरता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कानूनन पुलिस सायरन का दुरुपयोग एक दंडनीय अपराध है, इसके बावजूद संबंधित लोगों पर तत्काल कोई ठोस कार्रवाई न होना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और सोशल मीडिया पर भी सवाल उठ रहे हैं कि क्या प्रभावशाली लोगों के सामने कानून झुक रहा है?
अब सबकी नजर और उम्मीदें जिले के पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर पर है कि इस मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाती है।
पूरा मामला बलरामपुर जिले के चलगली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
