देर रात बिस्तर से गायब हुई महिला, नीचे घायल अवस्था में मिली; अंबिकापुर ले जाते समय तोड़ा दम
बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिला अस्पताल में एक दर्दनाक और संदिग्ध घटना सामने आई है, जहां एक महिला की छत से गिरकर मौत हो गई।
मृतका की पहचान ग्राम सेंदुर निवासी कलेश्वरी (पति रामधनी, उम्र लगभग 50 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, महिला को पेट दर्द और बुखार की शिकायत के चलते 27 अप्रैल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका उपचार जारी था।
बीती रात करीब 2 बजे महिला अचानक अपने बिस्तर से गायब हो गईं। परिजनों—पति रामधनी और बेटी मंजू सिंह—की नींद खुलने पर उन्होंने देखा कि कलेश्वरी बेड पर नहीं हैं।
परिजनों ने अस्पताल के बाथरूम और अन्य कमरों में उनकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिली।
इसके बाद जब परिजन नीचे पहुंचे, तो महिला अस्पताल की छत से नीचे गिरी हुई गंभीर हालत में मिलीं। तत्काल उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर कर दिया। इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही महिला की मौत हो गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) विजय सिंह के अनुसार, अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में महिला को रात के समय छत पर टहलते हुए देखा गया है, जिसके बाद वह अचानक नीचे गिरती नजर आती हैं। हालांकि, महिला आधी रात को छत पर क्यों गई और उसने छत से छलांग क्यों लगाई यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है…..
