
जांजगीर चांपा/संवाददाता (रजनी मानिकपुरी) शहर के स्वामी विवेकानंद उद्यान ग्रुप से 49 बुजुर्ग लोग जुड़े हुए हैं, जिनकी उम्र 50 से लेकर 75 साल तक है। ये सभी रोज़ सुबह 4:50 बजे उठकर पार्क पहुँच जाते हैं। वहां सबसे पहले 10 राउंड पैदल चलते हैं, फिर स्वामी विवेकानंद की मूर्ति के सामने खड़े होकर आधे घंटे तक एक्सरसाइज और व्यायाम करते हैं।

इनके पास माइक और साउंड सिस्टम भी होता है, जिससे ये लोग पार्क में भजन-कीर्तन भी करते हैं। कई बार वहां मौजूद दूसरे लोग भी इनका साथ देने लगते हैं, जिससे माहौल और भी खुशनुमा और भक्तिमय हो जाता है। ये देखकर बुजुर्ग बहुत खुश होते हैं।
एक और खास बात ये है कि एक्सरसाइज और भजन के बाद ये सभी लोग पार्क में लगे तिरंगे के नीचे लाइन से खड़े होकर राष्ट्रगान भी करते हैं। राष्ट्रगान शुरू होते ही पार्क में मौजूद बाकी लोग — चाहे बच्चे हों, बड़े हों या सड़क पर चलने वाले — सब वहीं रुक कर खड़े हो जाते हैं और सम्मान देते हैं।

ये पूरा नज़ारा देखकर साफ समझ आता है कि अगर सुबह का सिर्फ एक घंटा सही ढंग से बिताया जाए तो शरीर भी फिट रहता है, मन भी खुश और देशभक्ति का भाव भी बना रहता है।
आज की नई पीढ़ी को इन बुजुर्गों से सीख लेनी चाहिए कि समय निकालकर एक्सरसाइज करें, भजन-कीर्तन करें और देश के लिए सम्मान बनाए रखें।
