
बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर पूरे प्रदेश में रजत महोत्सव वर्ष का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में बलरामपुर जिले में भी रजत महोत्सव की शुरुआत हो चुकी है।
इस ऐतिहासिक अवसर पर रजत महोत्सव का शुभारंभ 15 अगस्त 2025 से किया गया है। यह महोत्सव पूरे 25 सप्ताह तक चलेगा और वर्ष 2026 तक लगातार विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जिले की जनता तक पहुँचेगा।

महोत्सव के दौरान जिले में हुए विकास कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में हासिल उपलब्धियों को आमजन तक पहुँचाने के लिए प्रदर्शनी और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सांस्कृतिक और पारंपरिक धरोहरों को भी विशेष रूप से प्रस्तुत किया जाएगा। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, स्थानीय कलाकारों की सहभागिता और विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियाँ महोत्सव का मुख्य आकर्षण होंगी।

प्रशासन का कहना है कि यह आयोजन जनता की सक्रिय भागीदारी के साथ संपन्न होगा। जिले के विभिन्न विकासखंडों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों को इसमें शामिल किया गया है। इसके साथ ही प्रतियोगिताएँ, संगोष्ठियाँ और जागरूकता कार्यक्रम भी इस महोत्सव का हिस्सा होंगे।

जिला पंचायत अध्यक्ष हिरामुनी निकुंज ने कहा कि यह रजत महोत्सव केवल एक उत्सव नहीं है, बल्कि जिले की पहचान, संस्कृति और विकास यात्रा का प्रतीक है।


