
बलरामपुर//(शोएब सिद्दिकी)// छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस 2025 के अवसर पर बलरामपुर जिला मुख्यालय में इस बार भव्य राज्योत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन बलरामपुर-रामानुजगंज द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटी हुई हैं।
राज्योत्सव कार्यक्रम का आयोजन 2 नवंबर से 4 नवंबर 2025 तक किया जाएगा। यह आयोजन शासकीय हाई स्कूल खेल मैदान बलरामपुर में होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद चितामणी महाराज जी तथा प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, विधायकगण एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी।

तीन दिवसीय आयोजन में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं, और स्थानीय कला एवं संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
2 नवंबर को शाम 6 बजे से सूफी बैंड रायपुर द्वारा सांगीतिक प्रस्तुति दी जाएगी।
3 नवंबर को प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी गायक सुनिल मानिकपुरी मंच पर प्रस्तुति देंगे।
4 नवंबर को नमो नमो म्यूजिकल मसूप बैंड की विशेष सांगीतिक प्रस्तुति होगी।

इसके साथ ही जिला स्तरीय कर्मा महोत्सव, स्थानीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेंगी।
जिला प्रशासन ने बताया कि आयोजन स्थल पर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं — मंच, पंडाल, बैठने की व्यवस्था, रोशनी और सुरक्षा के विशेष इंतज़ाम किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने इस ऐतिहासिक अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित होकर छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस का उत्सव मनाने की अपील की गई है।
