मध्य रात्रि सर्च अभियान में 25 किमी पीछा कर पकड़ा गया अवैध धान से लदा ट्रक

प्रशासन की सतत निगरानी से 750 बोरी अवैध धान जब्त

बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा के मार्गदर्शन में अवैध धान परिवहन पर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है जिसके अंतर्गत अवैध धान परिवहन, भंडारण में संलिप्त एवं कोचियों बिचौलियों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
इसी कड़ी में अनुविभाग वाड्रफनगर क्षेत्र अंतर्गत गत मध्य रात्रि अवैध धान परिवहन के विरुद्ध प्रशासन द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई। गिरवानी मार्ग के रास्ते उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ की ओर एक ट्रक में अवैध रूप से धान का परिवहन किया जा रहा था। जानकारी के अनुसार उक्त ट्रक में लगभग 750 बोरी धान लोड थी, जिसे बिना वैध दस्तावेजों के ले जाया जा रहा था। मध्य रात्रि बैरियर ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों द्वारा जब संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, तो चालक वाहन को लेकर मौके से फरार हो गया।
जिसकी सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री नीर निधि नंदेहा के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई करते हुए तहसीलदार वाड्रफनगर, तहसीलदार रघुनाथनगर, नायब तहसीलदार एवं पुलिस बल की संयुक्त टीम द्वारा रात में ही सघन सर्च अभियान प्रारंभ किया गया। लगभग 25 किलोमीटर क्षेत्र में चलाए गए इस व्यापक सर्च अभियान के दौरान विभिन्न संभावित मार्गों, गांवों  क्षेत्रों की गहन जांच की गई। लगातार प्रयासों के बाद प्रशासनिक एवं पुलिस टीम को पेंडारी क्षेत्र में  अवैध धान से भरे ट्रक को पकड़  लिया गया। जिसे वाड्रफनगर थाना को सुपुर्द कर दिया गया।
जिले में अवैध धान परिवहन, भंडारण पर शासन के निर्देशानुसार धान उपार्जन व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने तथा किसानों के हितों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसके तहत सीमावर्ती क्षेत्रों में बैरियरों पर सतर्कता बढ़ाई गई है और नियमित जांच की जा रही है। अनुविभागीय अधिकारी (रा.) श्री नंदेहा ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार की संयुक्त कार्रवाइयां जारी रहेंगी। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अवैध धान परिवहन या भंडारण की जानकारी तुरंत दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *