
छत्तीसगढ़ी, बॉलीवुड व भोजपुरी कलाकार देंगे रंगारंग प्रस्तुतियाँ
ट्राइबल फैशन वॉक बनेगा आकर्षण का केंद्र
बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) प्रसिद्ध तातापानी धाम में मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित होने वाले तातापानी महोत्सव संक्रांति परब 2026 का शुभारंभ 14 जनवरी को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी करेंगे।
अपने गर्म जल स्रोत एवं धार्मिक आस्था के लिए देशभर में प्रसिद्ध तातापानी में 14 से 16 जनवरी 2026 तक तीन दिवसीय भव्य मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव में छत्तीसगढ़ सहित पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक शामिल होंगे। आयोजन को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

सांस्कृतिक संध्या और रोमांचक गतिविधियाँ
तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव के दौरान आरागाही हवाई पट्टी में पैरासेलिंग जैसी रोमांचक गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। वहीं सांस्कृतिक संध्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, स्थानीय कलाकारों एवं आमंत्रित राष्ट्रीय कलाकारों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी।
दिन-वार कार्यक्रम विवरण

14 जनवरी 2026 (प्रथम दिवस):
महोत्सव के पहले दिन छत्तीसगढ़ के प्रख्यात गायक एवं पद्मश्री सम्मानित कलाकार श्री अनुज शर्मा अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
15 जनवरी 2026 (द्वितीय दिवस):
दोपहर 12 बजे से जिले के समस्त पंच-सरपंचों के लिए किसान संगोष्ठी एवं पंच-सरपंच सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
संध्याकालीन कार्यक्रम में बॉलीवुड गायक एवं कलाकार श्री आदित्य नारायण अपनी प्रस्तुति देंगे। साथ ही स्थानीय कला एवं संस्कृति को प्रदर्शित करता ट्राइबल फैशन वॉक विशेष आकर्षण रहेगा।
16 जनवरी 2026 (तृतीय दिवस):
संस्कृति संध्या में भोजपुरी कलाकार श्री रितेश पांडेय, खुशी ककड़ एवं डिम्पल सिंह अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
तातापानी महोत्सव 2026 के माध्यम से लोकसंस्कृति, आधुनिक मनोरंजन और क्षेत्रीय कला का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा, जो जिले की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगा।
