
फिट कनकी- स्ट्रांग कनकी मैराथन दौड़ का भव्य आयोजन 18 को किया जावेगा
कनकी:/जांजगीर-चांपा/(रजनी मानिकपुरी)
विकासखण्ड करतला अंतर्गत स्वयंभू कनकेश्वर भोलेनाथ की पावन नगरी कनकेश्वरधाम कनकी में दिनांक 17 जनवरी 2026, दिन शनिवार को परंपरा, संस्कृति और स्वास्थ्य का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। इस अवसर पर ग्राम में पारंपरिक मड़ाई महोत्सव, छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति का गौरव राउत नाचा, डांस प्रतियोगिता” तथा फिट-कनकी… स्ट्रांग-कनकी” थीम पर आधारित मैराथन दौड़ का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
मड़ई महोत्सव हमारे गाँव की प्राचीन परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज, देवी-देवताओं की पूजा और राउत नाचा की मनमोहक प्रस्तुतियाँ पूरे वातावरण को लोकसंस्कृति के रंगों से सराबोर कर देंगी। राउत नाचा छत्तीसगढ़ की आत्मा है, जो वीरता, एकता और परंपरा का संदेश देता है।
इसी क्रम में आयोजित डांस प्रतियोगिता ग्राम व आसपास के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करेगी, जिससे उनकी कला और आत्मविश्वास को नई पहचान मिलेगी।
वहीं 18 जनवरी को
फिट-कनकी… स्ट्रांग-कनकी थीम पर आयोजित मैराथन दौड़ का उद्देश्य युवाओं सहित सभी ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, नशा-मुक्त जीवन का संदेश देना तथा एक स्वस्थ, सशक्त और जागरूक कनकी के निर्माण का संकल्प लेना है।
यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नही, बल्कि संस्कृति संरक्षण, सामाजिक एकता और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का सामूहिक प्रयास है। कार्यक्रम के आयोजक युवा संगठन कनकेश्वर सेवा समिति ने ग्राम के समस्त नागरिकों, आसपास क्षेत्र के ग्रामवासियों, युवाओं, महिलाओं एवं बच्चों से आग्रह किया है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस आयोजन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएँ।
प्रतिभा को प्रोत्साहित करें और
फिट-कनकी…स्ट्रांग-कनकी” का संकल्प लें।
