सनातन चेतना का सशक्त उद्घोष: अंतरराष्ट्रीय संत बौद्धिक मंच का प्रदेश कार्यालय बिलासपुर में भव्य रूप से उद्घाटित”


बिलासपुर/ (ध्रुव चंद्रा ब्यूरो) बिलासपुर के उसलापुर रोड स्थित मंगला चौक में अंतरराष्ट्रीय संत बौद्धिक मंच के प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन अत्यंत गरिमामय और भव्य वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष स्वदेशानंद ब्रह्मगिरी महाराज के करकमलों से तथा अंतरराष्ट्रीय संगठन महामंत्री राजराजेश्वर जी के पावन सानिध्य में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम में देश के विभिन्न प्रांतों से पधारे पदाधिकारियों का आत्मीय स्वागत एवं परिचय कराया गया, जिससे संगठनात्मक एकता और आपसी समन्वय का सशक्त संदेश दिया गया। इस अवसर पर संभागीय अध्यक्ष जयगुरुदेव रितेश शुक्ला, राष्ट्रीय महामंत्री अनामिका दुबे, प्रदेश उपाध्यक्ष संजय गुप्ता, राष्ट्रीय प्रस्तावक देवी लाल साहू, उमाशंकर साहू, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष न्यू भारत मिशन सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों ने अपने विचार रखे।
अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी स्वदेशानंद ब्रह्मगिरी महाराज ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में सनातन संस्कृति की शक्ति, राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करने तथा भविष्य में हिंदू राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। उन्होंने गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिए जाने की मांग रखते हुए समाज को संगठित होकर कार्य करने का आह्वान किया। “जय श्रीराम” के उद्घोष के साथ उन्होंने सफल आयोजन के लिए सभी सनातनी भाई-बहनों को बधाई दी।
प्रदेश कार्यालय के शुभारंभ को संगठन के लिए मील का पत्थर बताते हुए वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय गुप्ता एवं उनकी बिलासपुर टीम को विशेष साधुवाद दिया गया। इसके पश्चात जिला अध्यक्ष जितेंद्र कौशिक ने मंच से सभी अंतरराष्ट्रीय, प्रांतीय, जिला एवं संभागीय पदाधिकारियों का स्वागत किया।
अंतरराष्ट्रीय संगठन महामंत्री राजराजेश्वर जी ने भी गौ सेवा, राष्ट्र निर्माण और संगठित प्रयासों पर बल देते हुए समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन वरिष्ठ पत्रकार एवं नव भारत मिशन के प्रदेश पदाधिकारी सुरजीत सिंह चावला, ध्रुव चंद्रा, गौ सेवा समिति अध्यक्ष उमाकांत मिश्रा, लोक कला संस्कृति मंच अध्यक्ष राजेन्द्र कश्यप, महिला मोर्चा अध्यक्ष गीता सोंचे, जिला महामंत्री उमा तिवारी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के समापन पर संजय गुप्ता एवं उनकी धर्मपत्नी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस ऐतिहासिक अवसर पर सैकड़ों की संख्या में लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी भव्य व सफल बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *