
बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) मकर संक्रांति के पावन अवसर पर बलरामपुर जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल तातापानी में आयोजित होने जा रहे तातापानी महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय करेंगे। महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन द्वारा लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव के पहले दिन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की गरिमामयी उपस्थिति में 200 जोड़ों का सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन में प्रदेश के कई मंत्री, विधायक एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे, जिससे महोत्सव की गरिमा और बढ़ेगी।

तातापानी महोत्सव में सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ी, बॉलीवुड और भोजपुरी कलाकारों के साथ-साथ स्थानीय कलाकार अपनी रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इसके अलावा आदिवासी संस्कृति को प्रदर्शित करने वाले कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
श्रद्धालुओं और दर्शकों की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, मंच, बैठक व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा मेला क्षेत्र और आसपास के इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।
तातापानी का गर्म जल स्रोत पहले से ही श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है, ऐसे में मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित यह महोत्सव धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम साबित होगा। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के संयुक्त प्रयास से तातापानी महोत्सव 2026 को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी की गई है।
