
बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) शंकरगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार जायसवाल को मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध 184 प्रकरणों में प्रभावी कार्रवाई करने पर गणतंत्र दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया।
पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की गरिमामयी उपस्थिति में निरीक्षक जितेंद्र जायसवाल को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

निरीक्षक जायसवाल द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार सघन अभियान चलाया गया, जिससे क्षेत्र में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ी और दुर्घटनाओं पर भी नियंत्रण पाया गया। उनकी इस कार्यशैली की प्रशासनिक स्तर पर सराहना की जा रही है।
बताया जाता है कि जितेंद्र कुमार जायसवाल एक होनहार, कर्मठ एवं विश्वसनीय पुलिस अधिकारी हैं, जो अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करते हैं। उनकी इस उपलब्धि से पुलिस विभाग सहित क्षेत्रवासियों में भी हर्ष का माहौल है।



