नगर पालिका चुनाव 2026 को लेकर प्रशासन अलर्ट: उप विकास आयुक्त सैयद रियाज अहमद की अगुवाई में मास्टर ट्रेनरों का सशक्त प्रशिक्षण सम्पन्न

लातेहार/ झारखंड(आफताब आलम)नगर पालिका आम निर्वाचन–2026 को सफल, निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने तैयारियों को तेज़ कर दिया है। इसी क्रम में डीआरडीए सभागार में उप विकास आयुक्त सैयद रियाज अहमद की अध्यक्षता में मास्टर ट्रेनरों का व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कुल 10 मास्टर ट्रेनरों को संपूर्ण मतदान प्रक्रिया से संबंधित बारीक एवं व्यवहारिक जानकारी दी गई। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य निर्वाचन से जुड़े प्रत्येक स्तर पर दक्षता सुनिश्चित करना रहा, ताकि आगे चलकर मतदान कर्मियों को बेहतर ढंग से प्रशिक्षित किया जा सके।
प्रशिक्षण निदेशक डीआरडीए सह प्रभारी पदाधिकारी, प्रशिक्षण कोषांग  अनिल मिंज एवं आचार्य राजेंद्र प्रसाद द्वारा मतदान प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। इसमें मतदान से संबंधित प्रपत्रों को भरने की विधि, मतपेटिका का रख-रखाव, मतदान दिवस की संपूर्ण कार्यवाही एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की स्पष्ट जानकारी शामिल रही।

बैठक में यह भी बताया गया कि इन मास्टर ट्रेनरों के माध्यम से मतदान कर्मियों को चरणबद्ध और व्यवस्थित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि मतदान कर्मियों का प्रथम प्रशिक्षण दिनांक 05 फरवरी 2026 को बनवारी साहू महाविद्यालय में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सैयद रियाज अहमद ने प्रशिक्षण की महत्ता पर विशेष बल देते हुए कहा कि सभी मास्टर ट्रेनर निर्वाचन से संबंधित नियमों एवं प्रक्रियाओं को भली-भांति समझें और उसी गंभीरता के साथ मतदान कर्मियों को प्रशिक्षित करें, ताकि नगर पालिका आम निर्वाचन–2026 निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
प्रशासन की इस सुदृढ़ पहल से यह स्पष्ट है कि लातेहार जिला नगर पालिका चुनाव को लेकर पूरी तरह सजग, प्रतिबद्ध और तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *