नल-जल योजना की चाबी को लेकर विवाद: मामूली बात पर भड़की हिंसा, लाठी-डंडा व टांगी से हमला, सात घायल

बलरामपुर/रामानुजगंज(शोएब सिद्दिकी) रामचंद्रपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम नेहरू नगर में नल-जल योजना की पानी टंकी की चाबी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद सोमवार को हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। एक पक्ष द्वारा लाठी-डंडा और टांगी से किए गए हमले में महिला समेत सात लोग घायल हो गए।

घायलों में आशा (35), अरुण (40), मैना (30), भागीरथ (35), राजीव (22), अमित (23) और विश्वजीत (19) शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए रामानुजगंज के 100 बिस्तर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नल-जल योजना की पानी टंकी की चाबी सरपंच-सचिव के निर्देश पर अरुण बछाड़ के घर रखी गई थी, ताकि समय पर पानी की आपूर्ति हो सके। रविवार को कमल वैध चाबी मांगने पहुंचे थे, लेकिन अनुमति नहीं होने के कारण चाबी नहीं दी गई।

सोमवार सुबह दोबारा चाबी मांगने को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि कमल वैध के पुत्र अभिषेक और राजू ने पहले अरुण की पत्नी आशा के साथ मारपीट की, इसके बाद लाठी-डंडा व टांगी लेकर घर के अन्य सदस्यों पर भी हमला कर दिया।
घटना की सूचना रामानुजगंज थाना को दी गई है। थाना प्रभारी अजय साहू ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *