महिला आत्मनिर्भरता को मिला नया ठिकाना: उप विकास आयुक्त सैयद रियाज अहमद ने किया ‘पलाश दीदी कैफे’ का शुभारंभ

अस्पताल से आत्मनिर्भरता तक: सैयद रियाज अहमद की पहल पर ‘पलाश दीदी कैफे’, महिला सशक्तिकरण को मिला मजबूत आधार

लातेहार/ झारखंड(आफताब आलम)महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में लातेहार जिला प्रशासन ने एक और सराहनीय पहल की है। सदर अस्पताल, लातेहार परिसर में आज “पलाश दीदी कैफे” का विधिवत शुभारंभ उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सैयद रियाज अहमद द्वारा किया गया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. राजमोहन खलखो, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, DAY-NRLM से जुड़े प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह की दीदियाँ एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त सैयद रियाज अहमद ने कहा कि “पलाश दीदी कैफे” महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त और प्रेरणादायी पहल है। इसके माध्यम से स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को न केवल स्वरोजगार का अवसर मिलेगा, बल्कि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी।”
उन्होंने आगे कहा कि यह कैफे सदर अस्पताल परिसर में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को स्वच्छ, पौष्टिक और किफायती भोजन उपलब्ध कराएगा, जिससे जनसुविधा के साथ-साथ महिला समूहों की आय में भी निरंतर वृद्धि होगी।

उप विकास आयुक्त ने जानकारी दी कि “पलाश दीदी कैफे” राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित किया जाएगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार का सृजन होगा और ग्रामीण महिलाओं को मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन भविष्य में भी इस तरह की आजीविका आधारित पहलों को प्रोत्साहित करता रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सहभागिता और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। “पलाश दीदी कैफे” न केवल आजीविका का साधन बनेगा, बल्कि लातेहार जिले में विकसित और आत्मनिर्भर समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *