
बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) जिले के रामानुजगंज स्थित वन वाटिका पार्क में नौका विहार की सुविधा की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने फीता काटकर नौका विहार का उद्घाटन किया। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देना और स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

वन विभाग द्वारा विकसित इस सुविधा से अब वन वाटिका पार्क में आने वाले पर्यटक बोटिंग का आनंद ले सकेंगे। इससे न केवल पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि होगी बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

कार्यक्रम के दौरान 5 से 15 वर्ष तक के बच्चों के लिए बनाए गए चिल्ड्रन पार्क का भी फीता काटकर उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष ओम प्रकाश जायसवाल, वनमंडलाधिकारी आलोक वाजपेई, रामानुजगंज वन परिक्षेत्राधिकारी दिलरुबा बानो, बलरामपुर वन परिक्षेत्राधिकारी निखिल सक्सेना, सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने अपने संबोधन में कहा कि वन वाटिका पार्क में नौका विहार और चिल्ड्रन पार्क की शुरुआत से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन स्थलों के विकास के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष ओम प्रकाश जायसवाल ने कहा कि इस तरह की सुविधाओं से क्षेत्र के लोगों को मनोरंजन के साथ-साथ पर्यटन का नया केंद्र मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों को भी आर्थिक रूप से मजबूत होने का अवसर प्राप्त होगा।
वहीं वनमंडलाधिकारी आलोक वाजपेई ने बताया कि वन विभाग द्वारा वन वाटिका पार्क को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यहां और भी सुविधाएं विकसित की जाएंगी ताकि पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके।
