
सागर/स्टेट हेड(अनिल तिवारी) मध्यप्रदेश शासन के पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी सागर संसदीय क्षेत्र से चुनाव जीत रही है। यह चुनाव अब रिकार्ड बनाने का है। इसलिए सागर जिले के आठों विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा वोटों से जीत खुरई के खाते में जाना चाहिये। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में अन्य दल को वोट देकर कोई भी अपना वोट खराब करना नहीं चाहेगा। इसलिए वोट मिलने का नहीं, बल्कि वोट डालने का सवाल है। जिस तरह अर्जुन की आंख केवल चिड़िया पर थी, वैसे भाजपा की नजर पोलिंग बूथ पर होनी चाहिए। हमें सिर्फ अपने बूथ को संभालने का कार्य करना है। जो हमारे संगठन की रचना है, उसके आधार पर लोकसभा चुनाव में कार्य करना है। उन्होंने सभी को नवरात्रि और ईद की शुभकामनाएं दी।


सागर संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी लता वानखेड़े को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए मध्यप्रदेश शासन के पूर्व गृहमंत्री और विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने गुरूवार 11 अप्रैल को बांदरी, बरौदियाकलां और मालथौन में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक ली। तीनों स्थानों पर पार्टी को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री एवं विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि लोकसभा ही नहीं कोई भी चुनाव कार्यकर्ताओं के परिश्रम से ही जीता जाता है। चार माह पहले हुए विधानसभा चुनाव में हम 48 हजार मतों से जीते थे, जिसमें बहुत बढ़ा योगदान बांदरी, बरौदियाकलां और मालथौन क्षेत्र में आपके परिश्रम का था।
पूर्व मंत्री एवं विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि अपने क्षेत्र में विकास इसलिए हो पाया, कि आप सबने मुझे जिताया। विकास से समृद्धि आती है और आज अपना क्षेत्र विकास में नंबर वन पर है। जनता के जीवन में परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि चुनाव से ही विकास का रास्ता खुलता है। इसलिए चुनाव केवल दस्तूर नहीं है। चुनाव से जनता और हम सबका भविष्य तय होता है। इसलिए पिछले विधानसभा चुनाव से भी अच्छी सफलता लोकसभा चुनाव में मिले, इसके लिए खुरई विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी ताकत और उत्साह के साथ अपना बूथ संभालना है। उन्होंने कहा कि अपने बूथ के अलावा जहां जिसका प्रभाव है, वहां से मतदाताओं को बूथ तक जाने के लिए प्रेरित करना होगा।


पूर्व मंत्री एवं विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि इस बार लोकसभा का ऐसा चुनाव है, जहां विपक्षी पार्टी दिख ही नहीं रही। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के पासंग कोई नेता और पार्टी ही नहीं है। कांग्रेस अपने प्रत्याशी तय नहीं कर पा रही। देश में 543 लोकसभा क्षेत्र हैं और कांग्रेस अब तक 270 प्रत्याशी ही तय कर पाई हे। स्थिति यह है कि लोग कांग्रेस के सिंबल पर चुनाव लड़ने को तैयार नहीं हैं। बल्कि कांग्रेस में भगदड़ मची है। देश में कांग्रेस खत्म हो रही है। जिसके लिए गांधी परिवार जिम्मेदार है। गांधी परिवार कांग्रेस के लिए बोझ बन गया है
भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल अन्ना आंदोलन से सामने आये थे। राजनीति में नहीं आने और सादगी की बात करते थे। जिसके उलट वे राजनीति में आये, लग्जरी कार में घूमने लगे, रहने के लिए बंगले की जगह महल बना लिया। सोनिया गांधी को भ्रष्ट बताने वाले केजरीवाल ने इस लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस से समझौता कर लिया। भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलने वाले केजरीवाल आज भ्रष्टाचार में ही जेल में हैं।
पूर्व मंत्री एवं विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि राजनीति में छल, कपट, बेईमानी और धोखा ज्यादा दिन नहीं चलता। राजनीति में सुचिता और सिद्धांत होना चाहिए। हमारा जीवन पारदर्शी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश यह कह रहा है, कि नरेन्द्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। क्योंकि उन्होंने देश की जनता के लिए काम किये हैं। यह इसलिए संभव हुआ कि 30 साल बाद देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत वाली भाजपा की सरकार बनी। चूंकि केन्द्र में बहुमत की सरकार बनी और बीते 10 सालों में देश आगे बढ़ा हर व्यक्ति की सुरक्षा और सम्मान श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संभव हुआ। कश्मीर से धारा 370 हटाने से आतंकवाद पर अंकुश लगा। पिछले 10 सालों में आम जनता पर एक भी आतंकी हमला नहीं हुआ। आयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण श्री नरेन्द्र मोदी जी के संकल्प से संभव हो पाया। गांधी जी और डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने जिस तरह राम राज्य की परिकल्पना की थी। वह रामराज्य प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में साकार हो रहा है।
भूपेन्द्र सिंह ने बैठकों में केन्द्र की आयुष्मान योजना, पीएम आवास, 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन, किसान सम्मान निधि, उज्जवला योजना, सोलर सिस्टम, रेल्वे स्टेशनों का विकास सहित मध्यप्रदेश की योजनाओं का ब्यौरा दिया। उन्होंने कहा कि देश, में सबका साथ और सबका विकास के मूल मंत्र के साथ सरकार चली है। इसलिए भाजपा के प्रति लोगों में विश्वास बड़ा है।
उपरोक्त तीनों बैठकों में भाजपा के नेता, पदाधिकारी, नगर परिषदों के जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।