
36 वर्षों की निष्ठा को सलाम: शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय बिलासपुर में श्री चोवा राम सिरमौर का भव्य विदाई समारोह
बिलासपुर(ब्यूरो रिपोर्ट ध्रुव चंद्रा) शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय बिलासपुर में 36 वर्षों तक अपनी सेवाएं देकर संस्थान को सशक्त बनाने वाले प्रयोगशाला तकनीशियन श्री चोवा राम सिरमौर के सेवानिवृत्त होने पर एक गरिमामयी एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह सेवा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल बन गया।
समारोह के दौरान संस्था के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने श्री सिरमौर को पुष्पाहार पहनाकर सम्मानित किया, वहीं महाविद्यालय परिवार की ओर से उन्हें सप्रेम उपहार भेंट कर उनके स्वर्णिम कार्यकाल की यादों को साझा किया गया। वर्षों की सेवा में समर्पण, अनुशासन और सहयोग की भावना को सभी वक्ताओं ने खुले दिल से सराहा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस. के. सिंघई ने श्री सिरमौर को शाल, श्रीफल, श्रीमद्भगवद्गीता एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य महाविद्यालय के इतिहास में हमेशा स्मरणीय रहेंगे। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की मंगलकामनाएं दीं।

इस अवसर पर संस्था परिवार द्वारा सुभाष उद्यान में स्नेह भोज का भी आयोजन किया गया, जिसने कार्यक्रम को और भी आत्मीय बना दिया। समारोह में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य अतिथि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
यह विदाई समारोह केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि कर्तव्यनिष्ठ सेवा को दिया गया सच्चा सम्मान था, जिसने सभी के दिलों को छू लिया।



