
बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला मुख्यालय स्थित राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों और बढ़ती महंगाई को लेकर तीखा हमला बोला। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव ने कहा कि केंद्र सरकार के आर्थिक कुप्रबंधन और कूटनीतिक विफलताओं के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है और आम जनता पर इसका सीधा असर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि हाल ही में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 195 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले तीन महीनों में इसकी कीमतों में कुल 525 रुपये तक की वृद्धि हो चुकी है। वहीं घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में भी करीब 62 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिससे आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।
यादव ने कहा कि सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम करने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कई स्थानों पर पेट्रोल की कीमतों में फिर से बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। अलग-अलग शहरों में पेट्रोल के दामों में 1 रुपये से लेकर 4 रुपये तक की वृद्धि दर्ज की गई है। इसके साथ ही विमान ईंधन (एविएशन फ्यूल) की कीमतों में भी बढ़ोतरी होने से हवाई यात्रा महंगी हो गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि खाद्य तेल, दूध, मावा और अन्य राशन सामग्री के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जिस खाद्य तेल को 70 रुपये प्रति लीटर तक पहुंचने में करीब 70 साल लगे, वह कुछ ही वर्षों में 200 रुपये के पार पहुंच गया है।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत, जिसे पहले लगभग 400 रुपये में उपलब्ध बताया जाता था, अब बढ़कर 900 से 1000 रुपये तक पहुंच गई है। वहीं कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम भी 1580 रुपये से बढ़कर करीब 1691 रुपये तक हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार के दौरान मनरेगा के माध्यम से ग्रामीणों को रोजगार की कानूनी गारंटी दी गई थी, लेकिन वर्तमान नीतियों के कारण आम लोगों की आय घटती जा रही है और आर्थिक असमानता बढ़ रही है।
यादव ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा विभिन्न सेवाओं पर अलग-अलग शुल्क लगाए जा रहे हैं, जिससे बैंकिंग और अन्य सेवाएं भी आम लोगों के लिए महंगी होती जा रही हैं। पेट्रोल, डीजल और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम जनता का बजट बिगड़ गया है और लोगों के लिए परिवार का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें प्रमुख रूप से जिला अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव, जिला उपाध्यक्ष विनोद बाबा, महामंत्री संजीव गुप्ता, बलरामपुर ब्लॉक अध्यक्ष समीर सिंह देव, जिला उपाध्यक्ष प्रशांत विश्वास (छोटू बंगाली), विश्वजीत सिंह (विक्की बाबा), प्रेमसागर सिंह, नन्हेंलाल गुप्ता, कृपा शंकर, सुनील गुप्ता, बुद्धदेव पोया, सत्यनारायण यादव, संजीत राजा चौबे, केश्वर लकड़ा, उमा गुप्ता, महमूद खान, सुनील तिर्की सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
