
बलरामपुर/ बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत जामवंतपुर में बीती रात आए तेज तूफान ने भारी तबाही मचा दी। अचानक आए विनाशकारी तूफान के चलते देखते ही देखते कई कच्चे और पक्के मकान क्षतिग्रस्त हो गए है।
तूफान के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जिन परिवारों के घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, वे अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। प्रभावित लोगों के चेहरों पर चिंता और बेबसी साफ देखी जा सकती है।
ग्रामीणों का कहना है कि इतने बड़े नुकसान के बावजूद अभी तक प्रशासन की कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची है, जिससे लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से अपील की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए गांव में पहुंच कर स्थिति का जायजा लें।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल राहत सामग्री, अस्थायी रहने की व्यवस्था और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि संकट की इस घड़ी में लोगों को राहत मिल सके।
