बैंड-बाजे के साथ धान बेचने खरीदी केंद्र पहुंचा किसान: क्षेत्र में बना चर्चा का विषय..

बलरामपुर//(शोएब सिद्दिकी)//बलरामपुर जिले में एक किसान की लंबी कानूनी लड़ाई आखिरकार रंग लाई। ग्राम चितविश्रामपुर बनोर के किसान राजदेव मिंज अपनी जीत का जश्न मनाते हुए बैंड-बाजे के साथ धान खरीदी केंद्र पहुंचे और अपना धान बेचा। यह दृश्य पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।

जानकारी के अनुसार किसान राजदेव मिंज का करीब 525 बोरा धान ऑनलाइन टोकन नहीं कट पाने के कारण समय पर सरकारी खरीदी केंद्र में नहीं बिक पाया था। प्रशासन ने समय सीमा समाप्त होने का हवाला देते हुए धान खरीदी से मना कर दिया। इसके बाद किसान ने न्याय के लिए हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
कोर्ट में सुनवाई के बाद किसान के पक्ष में फैसला आया और प्रशासन को धान खरीदी कराने का आदेश दिया गया। कोर्ट के आदेश के बाद किसान गांव के लोगों के साथ बैंड-बाजे के साथ बरदर धान खरीदी केंद्र पहुंचा और धान की तौल कराई।

किसान ने कहा कि बैंड-बाजा न्यायालय के सम्मान में बजाया जा रहा है, क्योंकि न्यायालय की वजह से ही उन्हें न्याय मिल पाया है।

इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और किसान का समर्थन किया।

मौके पर जिला अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव, जिला उपाध्यक्ष रिपुजित सिंह देव, ब्लॉक अध्यक्ष बलरामपुर समीर सिंह देव, जिला महामंत्री विश्वजीत सिंह देव, जिला कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष छोटू बंगाली (प्रशांत विश्वास), रामदेव जगते और बुद्धदेव पोया सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस अनोखे तरीके से मनाई गई जीत अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गई है और इसे किसान के न्याय की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *