चौकी प्रभारी पर अभद्रता का आरोप, पंचायत सचिव संघ ने कार्रवाई की मांग

कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी, पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन

बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी)/बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में पंचायत सचिव संघ ने गणेशगढ़ चौकी प्रभारी पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। संघ ने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

संघ द्वारा दिए गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि 5 अप्रैल 2026 को ग्राम पंचायत महराजगंज में पदस्थ पंचायत सचिव श्री उत्तम समादार अपने शासकीय कार्य के सिलसिले में गणेशगढ़ पुलिस चौकी पहुंचे थे। इस दौरान चौकी प्रभारी द्वारा उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने का आरोप लगाया गया है। बताया गया कि घटना के समय ग्राम पंचायत महराजगंज के सरपंच और पंच भी मौके पर मौजूद थे।

छत्तीसगढ़ पंचायत सचिव संघ ने अपने पत्र में कहा है कि शासकीय कार्य में लगे कर्मचारियों के साथ इस प्रकार का व्यवहार न केवल अनुचित है, बल्कि इससे कर्मचारियों को मानसिक रूप से भी आहत होना पड़ता है। संघ ने पुलिस अधीक्षक से मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की जाती है तो पंचायत सचिव संघ जनपद पंचायत स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *