शहीद आरक्षक शिवबचन सिंह के परिवार को मिला 1 करोड़ का बीमा लाभ

पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत एसबीआई ने सौंपा जीवन बीमा चेक

बलरामपुर//(शोएब सिद्दिकी) छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत जिला बलरामपुर-रामानुजगंज में दिवंगत आरक्षक शिवबचन सिंह की पत्नी वर्षा रानी सिंह को 1 करोड़ रुपये का जीवन बीमा सहायता राशि प्रदान की गई। यह राशि भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) द्वारा प्रदान की गई है।

जानकारी के अनुसार आरक्षक क्रमांक 809 शिवबचन सिंह थाना सनावल में पदस्थ थे। 12 मई 2025 की रात करीब 1:30 बजे थाना सनावल क्षेत्र में झारखंड से आए अवैध रेत तस्करों को रोकने के दौरान तस्करों ने उन्हें ट्रैक्टर से टक्कर मार दी। इस घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल शासकीय अस्पताल रामानुजगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

स्वर्गीय आरक्षक शिवबचन सिंह अपने सरल स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठा के लिए विभाग में जाने जाते थे।

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पुलिसकर्मियों के भविष्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के साथ एमओयू के तहत निःशुल्क पुलिस सैलरी पैकेज योजना लागू की गई है। इसी योजना के अंतर्गत उनके नामिनी के रूप में उनकी पत्नी वर्षा रानी सिंह को 1,00,00,000 रुपये का जीवन बीमा चेक प्रदान किया गया।

यह चेक एसबीआई अंबिकापुर के क्षेत्रीय प्रबंधक अविनाश पाणिग्रही तथा एसबीआई बलरामपुर के मुख्य प्रबंधक अभय सिंह द्वारा उनके परिजनों को सौंपा गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर (आईपीएस) भी उपस्थित रहे।

पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने कहा कि एसबीआई पुलिस सैलरी पैकेज योजना पुलिस विभाग और एसबीआई के बीच हुए एमओयू के तहत संचालित एक महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजना है। इस योजना के तहत एसबीआई में वेतन खाते रखने वाले पुलिसकर्मियों की दुर्घटना में आकस्मिक मृत्यु होने पर उनके वैध नामिनी को 1 करोड़ रुपये और सामान्य मृत्यु की स्थिति में 10 लाख रुपये का जीवन बीमा कवर प्रदान किया जाता है।

उन्होंने बताया कि यह सहायता राशि दिवंगत पुलिसकर्मी के परिवार को आर्थिक संबल देने के साथ-साथ विभाग की संवेदना और जिम्मेदारी का प्रतीक भी है।

पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारियों से अपील की है कि वे अपने वेतन खातों को निःशुल्क पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत अनिवार्य रूप से रजिस्टर कराएं, ताकि उनके परिवार का भविष्य सुरक्षित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *